मास्क और दस्ताने पहने घर में घुसे बदमाशों ने की लूटपाट
घर की एक महिला का दुपट्टा से मुंह बांधकर वारदात को दिए अंजाम

घर में घुसे आधा दर्जन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
घर की महिला का दुपट्टा से बांध दिए थे मुंह
सूचना पर रात में ही पहुंची थी पुलिस
लगभग पांच लाख के गहने और नकदी ले गए बदमाश
स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। जिले के लार नगर पंचायत के बौली वार्ड में शर्मा टोली के जियूत शर्मा के घर बीती रात बदमाशों ने लूट पाट की। बदमाश चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहने थे। घर की महिलाओं के अनुसार उनकी भाषा क्षेत्रीय नहीं लग रही थी, इससे समझा जा रहा है की बदमाश बाहरी होंगे। इस घटना को आधा दर्जन बदमाशों ने अंजाम दिया। घटना में लगभग पांच लाख के आभूषण और नकदी लूट ले जाने की बात कही जा रही है।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह घर के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पहले पीआरवी टीम उसके तुरंत बाद एक सब इंस्पेक्टर और कुछ सिपाही रात में ही घटना स्थल पर पहुंच गई थी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओ से बात की और वीडियो भी बनाया पूरे मामले की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। घर के पुरुष सदस्य राजकोट में कमाते हैं। घर में केवल दो बहुएं थीं। एक बहू के अपने कमरे में पंखा चला कर अंदर का कुंडी लगाकर सो गई थी। बदमाश किसी रास्ते से किचेन में घुसे थे। दूसरी बहू के साथ उसका छोटा बच्चा था। बच्चे को पेशाब कराने जब महिला अपने कमरे से बाहर निकली तो बदमाशों ने उसके बच्चे के गले पर चाकू सटा उसे भयभीत करके आलमारी की चाभी मांग लिए और उसी के दुपट्टे से उसका मुंह बांध कर आभूषण और नकदी उड़ा ले गए।
फिलहाल पुलिस मामले की तह में जाकर बदमाशों तक पहुंचने में लगी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लार कपिलदेव चौधरी ने कहा कि घर में चोरों के घुसने की जानकारी मिली थी। पुलिस रात में ही मौके पर गई थी। मामले की जांच पड़ताल की जा रही। बदमाशों की खोजबीन जारी है।



