मेहरौना में चेकिंग देख तस्करों के उड़े होश
एक दिन में सौ वाहनों की तलाशी, ग्यारह हजार अर्थदंड

पांडे एन डी देहाती/ स्वाभिमान जागरण
देवरिया। यूपी – बिहार बार्डर पर स्थित लार थाना का मेहरौना चेक पोस्ट 16 सितंबर से बेमतलब रहा। यहां तैनात चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अन्यत्र स्थानांतरण के बाद इस चौकी पर पुलिसिंग नाम की कोई चीज नहीं रह गई थी। शराब तस्कर और गो तस्कर प्रभावी हो गए थे। खराब व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस महकमा ने उपनिरीक्षक गोविंद सिंह को अस्थाई तौर पर मेहरौना चौकी का कार्य सम्हालने को भेजा। गोविंद सिंह के आने के बाद बार्डर की व्यवस्था बदल चुकी है। आपराधिक मामलों के आरोपियों और तस्करों के होश उड़ गए हैं। वाहनों की तलाशी हो रही। संदिग्धों की जांच हो रही। शनिवार को इस चौकी पर उपनिरीक्षक गोविंद सिंह और उनके सहयोगियों ने लगभग सौ वाहनों की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को कुछ मिला तो नहीं लेकिन बिहार तक यह बात प्रसारित हो गई कि बार्डर पर बहुत चेकिंग हो रही है। शुक्रवार को उपनिरीक्षक गोविंद सिंह ने दुपहिया पर तीन सवारी चलने वालों को डांटा, फटकारा, हेलमेट लगाने को समझाया। दूसरे दिन जब यातायात नियमों का पालन करते लोग नहीं दिखे तो शनिवार को पुलिस ने चालान कर शुरू किया। दर्जनों वाहनों से ऑन लाइन ग्यारह हजार रुपए अर्थदंड वसूला गया।

उधर बार्डर पर अनवरत चेकिंग देख कर बाइक से पिट्ठू बैग में शराब भर कर बिहार में पारगमन कराने वाले शराब के छोटे तस्करों के होश उड़ गए हैं। उन्हें अब पकड़े जाने का भय सताने लगा है। गो तस्करी में लिप्त पिकप अब रास्ते बदल दिए हैं।



