पीआरवी टीम के जवान को मिला रुपए से भरा पर्स
लार थाने के 112 नंबर की गाड़ी चलाते हैं अमरेश

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। पुलिस में भ्रष्टाचारी, घूसखोर कर्मचारियों की कमी नहीं है। लेकिन जब कोई जवान ईमानदारी की मिसाल पेश करता है तो वह सुर्खियों में आ जाता है। ऐसे ही सुर्खियों में इन दिनों लार थाने के पीआरवी (112) 1472 नंबर वाहन चालक की ईमानदारी की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। उक्त जवान को सलेमपुर से लार आते समय सड़क पर एक रुपए भरा पर्स मिला, जिसे उसने उसके असल मालिक को तलाश कर सुपुर्द कर दिया।
लार थाना के 112 नंबर पुलिस वाहन के चालक अमरेश यादव सलेमपुर में आवास लेकर अपने परिवार सहित रहते हैं। वे लार में ड्यूटी पर आ रहे थे। सड़क पर उन्हें एक पर्स मिला। अपनी बाइक से उतर कर उन्होंने पर्स उठाकर देखा तो वह रुपयों से भरा था। रबड़ में बांध कर 8 हजार रुपए और पर्स के दूसरे खाने में 38 सौ रुपए थे। रुपए देख कर किसी का मन डोल जाता है, लेकिन उक्त जवान ने इस लावारिस पर्स की जानकारी मोबाइल से अपने उच्च अधिकारियों को दिया। पर्स में मिले एक प्रपत्र से जानकारी मिली कि यह पर्स बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर निवासी रफी अहमद पुत्र आशिक अली का है। उन्हें जानकारी देकर बुलाया गया और पर्स उन्हें सुपुर्द किया गया। जवान की ईमानदारी की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।


