किशोर हत्याकांड मामले में दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
आरोपियों के पास से पिस्टल व एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद
स्वाभिमान जागरण संवाददाता, खोरिया बाजार, महराजगंज
निचलौल थानाक्षेत्र के ग्राम ढेसो टोला रामनगर में गुरूवार की शाम को जान मोहम्मद (12) पुत्र साबिर की गोली लगने से मौत हुई थी। इस मामले में मृत किशोर के पिता साबिर की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इनमें से दो आरोपितों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
ग्राम ढेसो टोला रामनगर निवासी साबिर कुवैत में रहकर ड्राइवर की नौकरी करता था। साबिर के अनुसार उसकी पट्टीदारी के लोगों से उसका जमीनी विवाद काफी दिनों से चल रहा था। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया कि दिनांक 17 अप्रैल 2025 की शाम 6:30 बजे उसके लड़के की गोली लगने से मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने साहिल उर्फ लड्डन पुत्र नूरुद्दीन (21) निवासी बजहा उर्फ अहिरौली टोला आजादनगर थाना निचलौल और किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



