बहुचर्चित ट्राली बैग हत्याकांड का खुलासा:बीवी ने प्रेमी संग मिलकर की शौहर की हत्या
12 घंटे में अज्ञात शव का पता लगाकर कातिल को पुलिस ने किया गिरफ्तार


देवरिया के बहुचर्तित ट्राली बैग हत्याकांड का खुलासा
पत्नी ने ही अपने आशिक भांजे के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
प्रेमी और उसके दोस्त ने घर से ले जाकर तरकुलवा में फेंकी थी लाश
स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। पुलिस ने 12 घण्टे के अन्दर अज्ञात शव की पहचान करते हुए हत्या की घटना का सफल अनावरण कर दिया। मामले की एक अभियुक्ता गिरफ्ता हो गई। हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद हो गया।
20 अप्रैल को जनपद देवरिया के थाना तरकुलवा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पकड़ी छापर पठखौली में एक ट्राली बैग में एक अज्ञात व्यक्ति उम्र लगभग 35 वर्ष का शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक देवरिया विक्रान्त वीर द्वारा फॉरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड, सर्विलांस टीम के साथ पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया । पुलिस टीम द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही करते हुए शव की शिनाख्त नौशाद पुत्र अली अहमद निवासी भटौली थाना मईल जनपद देवरिया के रुप में हुई । इस मामले में मृतक नौशाद के भाई की पत्नी नगमा खातून पत्नी दिलसाद अहमद निवासिनी भटौली थाना मईल जनपद देवरिया की प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मईल पर मु0अ0सं0-076/ 2025 धारा 103(1) बी0एन0एस0 का अभियोग अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।विवेचना के क्रम में पुलिस टीम द्वारा मृतक की पत्नी रजिया सुल्तान उर्फ शिबा से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि मेरे गांव के रहने वाले मेरे भांजे रोमान पुत्र एहसान के साथ प्रेम प्रसंग था जिसके बारे में नौशाद को पता चल गया इसलिए रोमान व उसके मित्र हिमांशु पुत्र सत्यप्रकाश निवासी ग्राम विशौली माफी थाना मईल जनपद देवरिया के साथ मिलकर हमलोगों ने योजना बनाकर दिनांक 19/20.04.2025 की रात्रि में नौशाद को चापट, कुल्हाड़ी व मूसर से उसके सर पर वारकर उसकी हत्या कर दी गयी और उसके शव को बेड शीट में लपेटकर ट्राली बैग में रखकर रोमान व हिमांशु द्वारा थाना तरकुलवा के सिवान में फेंक दिया गया ।
पुलिस टीम द्वारा अभियुक्ता रजिया सुल्तान उर्फ शिबा को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल कुल्हाड़ी, मूसर व स्टील का चापट तथा खून लगा हुआ एक और ट्राली बैग व नौशाद का मोबाइल फोन बरामद कर नियमानुसार कार्यावाही की जा रही है । अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें लगी हुई हैं शीघ्र ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी ।



