बरगदवा पहुंचे विशेष सचिव ने बाल विकास के सुपरवाइजर को लगाया फटकार
प्राथमिक शिक्षा , बाल विकास , एवं पशु अस्पताल का जाना हाल

खास बातें –
— धात्री महिला की गोदभराई एवं छह माह के शिशु का कराया अन्नप्राशन
— आंगनबाड़ी केंद्र के शौचालय में फैली गंदगी देख प्रधान प्रतिनिधि को लगाई फटकार
— पशु चिकित्साधिकारी को सभी गांव में टीकाकरण कराने के निर्देश
स्वाभिमान जागरण संवाददाता, खोरिया बाजार, महराजगंज
सोमवार की सुबह नौतनवा विकास खंड के बरगदवा गांव पहुंचे कृषि उत्पादन आयुक्त लखनऊ के विशेष सचिव ने बरगदवा व देवघट्टी गांव में प्राथमिक शिक्षा , पशुपालन , आंगनबाड़ी एवं बाल विकास परियोजनाओं से संबंधित संचालित योजनाओं का हाल जाना । सरकारी योजनाओं को ठीक ढंग से क्रियान्वयन न होने पर संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को फटकार लगाई ।
करीब 12:10 बजे बरगदवा गांव पहुंचे विशेष सचिव राम सहाय यादव ने करीब तीन घंटे गांव रहकर योजनाओं का हाल जाना । सर्वप्रथम प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित जन चौपाल में बाल विकास एवं पोषाहार विभाग की सुधि ली । गांव में संचालित छह आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री द्वारा धात्री महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को पोषाहार वितरण का हाल जान विफर उठे । ग्रामीणों ने जब सचिव से पोषाहार वितरण में अनियमितता की शिकायत की तो आंगनबाड़ी कार्यकत्री को फटकार लगाते हुए विभाग के सुपरवाइजर अर्चना शर्मा को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर वितरण व्यवस्था सृदृढ करने की चेतावनी दी । इसके बाद प्राथमिक शिक्षा का हाल जानने के लिए सहायक अध्यापक विक्रम प्रसाद से सवाल जवाब किया । निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय के शौचालय के दरवाजा में कुंडी न होने प्रधानाध्यापक मनौअर अली को जल्द व्यवस्था ठीक कराने को कहा ।
आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर धात्री निर्जला का गोदभराई कर छह माह के नवजात शिशु हामिद रजा को खीर खिलाकर अन्नप्राशन करवाया । आंगनबाड़ी केंद्र के शौचालय का फाटक टूटा एवं कूड़ा से भरा होने के कारण मौके पर उपस्थित प्रधान प्रतिनिधि इद्रीस खान को भी फटकार लगाते हुए ठीक ढंग से जिम्मदारियों को निर्वाहन करने को कहा । निरीक्षण के क्रम में पशु अस्पताल पहुंचे विशेष सचिव ने ग्रामीण पशुपालक से रूबरू हुए । इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी दिलीप सिंह से अस्पताल के अंतर्गत संचालित 40 गांवों में पशुओं का टीकाकरण कराने को निर्देशित किया । इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी अमित मिश्रा , परियोजना अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह , ग्राम पंचायत सचिव संजय पांडेय , दिनेश पासवान , बृजेश यादव उपस्थित रहे।



