महिलाओं से छलपूर्वक आभूषण हड़पने वाला अपराधी पुलिस के गिरफ्त में

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज
घुघली पुलिस टीम, एसओजी एवं स्वाट की संयुक्त टीम ने सोमवार को सुबह 10.10 बजे महिलाओं को भरोसे में लेकर उनसे छलपूर्वक आभूषण हड़पने वाले एक पेशेवर अपराधी सुरेन्द्र जायसवाल उर्फ सुरेन्द्र तिवारी पुत्र स्व. जोखन जायसवाल को थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द नहर के किनारे से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के गिरफ्त में आया पेशेवर अपराधी 40 वर्षीय सुरेन्द्र जायसवाल गोरखपुर जनपद के थून्हीं बाजार थाना झंगहा का मूल निवासी है। उसका मौजूदा पता ग्राम पड़री थाना हाटा जनपद कुशीनगर है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अदद अंगूठी पीली धातु, एक जोड़ी कान झुमका, एक सोने का चेन, एक मंगल सूत्र एक नाक की कील, एक जोड़ी कान का टप्स और घटना में प्रयुक्त एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया है।
घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि बीते 19 मई की शाम ग्राम भुवना निवासिनी एक महिला से उक्त गिरफ्तार अपराधी ने छलपूर्वक कान का टप्स, मंगल सूत्र और नाक का कील लेकर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर अज्ञात आरोपित की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध गोरखपुर और महराजगंज जनपद के विभिन्न थानों में विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमें दर्ज है।



