न चेयरमैन को चिंता, न ईओ को नागरिकों की फिक्र, लार कस्बे के कई मुहल्ले हुए बिजली विहीन
नगर पंचायत लार का ट्राली ट्रांसफार्मर दग़े हाल में रखा

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। भीषण गर्मी है। पारा हाई है। बाहर लू चल रही है। घर के भीतर उमस बढ़ी है। इन्हीं सबके बीच नगर पंचायत लार के कई मुहल्ले बिजली विहीन हो गए हैं। टाऊन एरिया के दोनों ट्राली ट्रांसफार्मर दगे हाल में रखे गए हैं। नागरिक परेशान हैं। गर्मी से बिलबिला रहे हैं। न चेयरमैन को अपने नागरिकों की चिंता है और न ईओ को नगरवासियों की फिक्र है।
नगर पंचायत लार में पिपरा चौराहा लार का 400 के वी ए का ट्रांसफार्मर बुधवार की रात को फूंक गया।इसी तरह लार के गांधी मार्केट में लगा 400 के वी ए का ट्रांसफार्मर हफ्ते दिन से खराब चल रहा है। बिजली कर्मी इधर से बना कर जा रहे उधर फाल्ट हो जा रहा है जिससे बच्चे,बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों को काफी परेशान हैं तत्काल बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के लिए नगर पंचायत लार में 2 मोबाइल ट्रांसफार्मर 400 केवीए तथा 250 केवीए मौजूद है।लेकिन वो सिर्फ शो पीस बना है।नगर पंचायत लार के सभासदों के द्वारा बार बार चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी से कहने के बावजूद भी दोनों जले ट्रांसफार्मर को रिपेयरिंग के लिए नहीं भेजा गया है। ट्राली पर रखे ये खराब ट्रांसफार्मर अब भी नगर पंचायत कार्यालय की शोभा बढ़ा रहे हैं। नगर में बिजली का लोड ज्यादे है। इस लिए बार बार फाल्ट होने और बिजली ट्रिप की समस्या भी आ खड़ी है। नगर पंचायत लार के नागरिकों ने बिजली विभाग और टाऊन एरिया का ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराया है।



