आपातकाल लोकतंत्र पर हमला था, भारत इसे कभी नहीं भूलेगा: मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज
उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम्य विकास मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने आपातकाल की 50वीं बरसी पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 1975-77 के आपातकाल को भारत कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया। मंत्री ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आंतरिक अशांति के नाम पर आपातकाल की घोषणा कर दी थी। इस दौरान संविधान के कई प्रावधान निलंबित कर दिए गए थे। प्रेस की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आज़ादी और संगठन की स्वतंत्रता पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने बताया कि विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं को बिना कारण जेलों में बंद कर उन पर अत्याचार किए गए। न्यायपालिका को निष्क्रिय बना दिया गया और सरकार मनमाने ढंग से काम करती रही। मंत्री ने कहा कि आपातकाल हमें यह सबक देता है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर नागरिक को सतर्क रहना चाहिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जय मंगल कन्नौजिया और अन्य नेता मौजूद रहे।



