विद्यालयों का मर्जर गरीब बच्चों के साथ अन्याय — आनंद यादव

स्वाभिमान जागरण संवाददाता मईल
मईल (देवरिया)। 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के मर्जर (पेयरिंग) करने के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक ईकाई भागलपुर की आवश्यक बैठक सोमवार को बीआरसी केंद्र मईल में जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समस्त ब्लॉक की कार्यकारिणी विद्यालय प्रबंध समिति एवं संबंधित ग्राम प्रधान की मौजूदगी रही।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव ने कहा कि जनपद में 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के मर्जर व पेयरिंग का आदेश निर्गत हुआ है, जबकि शैक्षिक सत्र की शुरुआत में नामांकन अभियान चलाकर 30 सितंबर तक छात्र संख्या बढ़ाने का समय परम्परागत रूप से चलता आ रहा है। मर्जर के आदेश से पठन-पाठन की व्यवस्था प्रभावित होगी। 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को बंद करना शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 में निहित 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा को प्रभावित करेगा। ग्रामीण परिवेश में गरीब बच्चे शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों को बंद करने से आने वाले समय में शिक्षकों की पदोन्नति एवं नए शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ेगा। प्रभावित विद्यालय अपने गांव में नामांकन बढ़ाने का प्रयास करेंगे। शासन को मानक विहीन विद्यालयों को बंद कराने में सहयोग करना चाहिए।ब्लॉक मंत्री अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार ने 2019 में ही समायोजन करके लगभग 20 हजार पद समाप्त कर दिए हैं,पुनः मर्जर(पेयरिंग)करके सरकार शिक्षक व छात्रों व शिक्षा का उन्नयन नही कर रही अपितु छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। तहसील प्रभारी बरहज नरेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार बेसिक विभाग को लेकर अत्यंत निष्क्रिय व सुसुप्ता अवस्था मे है,आज तक न ही पदोन्नति की और समायोजन व ट्रांसफर की कोई सम्यक योजना नहीं बन पायी और न ही निर्णय लिए गए। ब्लॉक उपाध्यक्ष श्रीमती मीरा कुशवाहा ने कहा कि 2016 के बाद से ही प्रदेश में पदोन्नति अवरुद्ध है । 95 प्रतिशत कंपोजिट व उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन हैं। सरकार की नीति,नियत व निर्णय तीनों ही कहीं से भी न तो कर्मचारी हित में है, न ही छात्र हित में। बैठक का संचालन ब्लॉक मंत्री अरुण तिवारी ने किया।बैठक में सच्चितानंद शुक्ला,श्रीमती सबिता यादव,राजीव प्रजापति ,मुन्ना यादव ,संदीप कुमार ,संपूर्णानंद पांडेय, रुदल प्रसाद, ओमप्रकाश श्रीमती ममता देवी, रोहित मौर्य ,राजकुमार, कमलेश यादव,बबलू , अजय गुप्ता ,मुन्नीलाल, भगवान यादव,अहमद रजा ,अजय मणि , अखिलेश यादव,सत्येंद्र सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।



