राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया सीएचसी का निरीक्षण।
मरीजों से बातचीत कर जानी समस्याएं, डॉक्टरों को सुधार के निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज ।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने मंगलवार को परतावल सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और महिला मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। कुछ मरीजों ने डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति पर सवाल उठाए। इस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारी को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। चौधरी ने अस्पताल में साफ-सफाई, प्रसव कक्ष की स्थिति, दवाओं के भंडारण और स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। अगर कहीं लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। उपाध्यक्ष ने महिला मरीजों से भी बातचीत की। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा व इलाज को लेकर संतोषजनक व्यवस्था होने पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक अनिल जायसवाल, महिला आयोग की टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। क्षेत्रीय जनता ने इस दौरे को गंभीरता से लिया और अस्पताल प्रबंधन में सुधार की उम्मीद जताई है।