फरेंदा के श्रम विभाग कार्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर नहीं हुआ ध्वजारोहण।
जर्जर हो रहा कार्यालय, राष्ट्रीय ध्वज का अपमान या सिस्टम की लाचारी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
देशभर में जब 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, हर गली-मोहल्ले और सरकारी कार्यालयों में तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया, वहीं फरेंदा नगर के बैंक रोड स्थित श्रम विभाग कार्यालय में इस बार ध्वजारोहण नहीं किया गया। इससे स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों में रोष देखा गया। लोगों का मानना है कि यह ना सिर्फ स्वतंत्रता दिवस की गरिमा का हनन है, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज का भी सीधा अपमान है।यह वही कार्यालय है, जिसकी नींव वर्ष 1999 में रखी गई थी और वर्षों तक सैकड़ों लोगों की समस्याओं का समाधान यहीं पर होता था। लोगों को जिले के महराजगंज कार्यालय तक नहीं जाना पड़ता था। परंतु अब यह कार्यालय बंद पड़ा है, भवन की हालत खंडहर जैसी हो गई है और मुख्य द्वार पर ताला लटक रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को कार्यालय में तिरंगा फहराया किया गया था, लेकिन इस वर्ष ध्वजारोहण नहीं किया गया और न ही कोई समारोह आयोजित हुआ।जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो श्रम विभाग के ए.एल.ई.ओ गणेश ने बताया कि कर्मचारियों की भारी कमी के कारण कार्यालय संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा, एक ही व्यक्ति से दो-दो कार्यालयों का संचालन संभव नहीं है। यह मामला उच्चाधिकारियों, विशेषकर डी.एल.सी.गोरखपुर को अवगत कराया जाएगा। उम्मीद है कि शीघ्र ही कर्मचारियों की नियुक्ति करके कार्यालय को पुनः सक्रिय किया जाएगा। स्थानीय समाजसेवियों और नागरिकों की मांग है कि कार्यालय को पुनः चालू किया जाए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो,और राष्ट्रीय ध्वज न फहराने के मामले की जांच की जाए।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और कब तक फरेंदा के इस महत्वपूर्ण कार्यालय को दोबारा चालू किया जाता है।



