गृह स्वामी को बंधक बना कर नकाबपोशों ने की चोरी,नगदी व जेवरात पर किया हाथ साफ।
डेढ़ साल की बच्ची पर चाकू रख कर किया मजबूर, ग्रामीण भयभीत।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
महराजगंज जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मानिक तालाब टोला चन्नीपुर से फर्जी चोरों के आने की अफवाह के बीच वास्तविक चोरी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित अनिल कुमार यादव पुत्र बसंत यादव के अनुसार देर रात्रि करीब 12 बजे नकाबपोश चोरों ने घर में घुस कर बाहर बरामदे में सो रहे अनिल को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया, पत्नी सरिता कुछ हलचल होने पर जग गई और देखा तीन नकाबपोश चोर सिर के पास खड़े थे जब-तक सरिता कुछ समझ पाती अज्ञात चोरों ने एक डेढ़ साल की बच्ची के गले पर धारदार हथियार रखकर शोर न मचाने की हिदायत दी और घर में घुस कर चोरी करने लगे। पीड़ित के अनुसार नगदी समेत लाखों के जेवरात चुरा ले गए । सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। चोरी से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।


