गुम हुई बुजुर्ग महिला को सकुशल परिजनों से मिलाया।
112 सेवा और थाना चौक पुलिस का सराहनीय कार्य।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज ।
थाना चौक पुलिस व 112 नंबर सेवा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया गया।
जानकारी के अनुसार, 24 सितम्बर की रात पदरी कला निवासी मुशर्रफ अली ने 112 पर सूचना दी कि उनके घर के बरामदे में एक बुजुर्ग महिला बैठी है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है और कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
सूचना पर पीआरवी 5812 मौके पर पहुँची। होमगार्ड चालक देवेंद्र पटेल व कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी ने महिला से पूछताछ की तो वह केवल अपने पति का नाम बजरंगी पासवान, गाँव बड़वार थाना पनियरा बता सकीं। इसके बाद पीआरवी ने घटना की जानकारी थानाध्यक्ष चौक को दी। थानाध्यक्ष चौक ने तत्काल थाना पनियरा से संपर्क साधा। हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव और स्थानीय सभासद राघवेंद्र सिंह की मदद से महिला के पुत्र राजेश पासवान का नंबर मिला। राजेश ने बताया कि उनकी माँ कोइली देवी पत्नी बजरंगी पासवान मायके बिलासपुर जाने निकली थीं लेकिन रास्ते में भटक गईं। परिजन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।
थाना चौक पुलिस व पीआरबी टीम के संयुक्त प्रयास से महिला की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया। अपनी माँ को पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और उत्तर प्रदेश पुलिस व 112 सेवा की सराहना की।



