छठ वेदियों पर चढ़ा राजनितिक रंग, गेरुआ रंग की बेदी को नीला करने पर पहुंची पुलिस

स्वाभिमान जागरण देवरिया। जिले में सोमवार को व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जनपदवासियों को छठ पर्व की शुभकामना दीं।
सोमवार की शाम छठ व्रती माताओं ने घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। लार कस्बा के विभिन्न छठ घाटों पर नगर पंचायत लार की तरफ से प्रकाश व्यवस्था की गयी थी और घाट व रास्तों को बेहतर ढंग से सजाया गया था।

प्रशासन की तरफ से छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। मठ लार घाट पर सहायक विकास अधिकारी मोहम्मद उमर,खान बाबा पोखरा पर बैजनाथ प्रजापति सहायक विकास अधिकारी, लार कोईरी टोला पोखरा पर प्रसिद्ध नाथ तिवारी खंड विकास अधिकारी भाटपार रानी, तिवारी टोला वार्ड गौतम कुमार क्षेत्रीय वन अधिकारी सलेमपुर,पलिया पोखरा पर अमित कुमार खंड शिक्षा शिक्षा अधिकारी लार मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किए गए थे।

ग्रामीण अंचल में छठ पर्व धूम धाम से मनाया जा रहा है। लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा गाँव में छठ घाट पर बनी बेदियों को ग्राम प्रधान ने भगवा रंग से रंगवाया था। इस बीच कुछ युवकों ने अपने बेदियों का रंग नीला कर दिया। इस बात की जानकारी जब पुलिस को हुई तो उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह तुरंत मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंच गए। ग्रामीणों की सहमति के बाद नीले रंग के बेदियों को फिर भगवा रंग में रंगा गया। गाँव के लोग बता रहे हैं कि गाँव में कुछ युवक बसपा के समर्थक थे, जिन्होंने अपनी छठ बेदियों को नीला रंग से रंग दिया था।




