उगते सूर्य को अर्घ्य दे कर सुहागिनों ने तोड़ा व्रत।
परिवार की सुख समृद्धि एवं लोक कल्याण का वर मांग सुहागिनों ने किया व्रत का समापन।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज, महराजगंज।
नगर पंचायत बृजमनगंज के ठाकुरद्वारा पोखरे पर मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष छठ घाट पर हर साल की तुलना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया और अपने परिवार के लिए सुख समृद्धि का वरदान मांगा।
पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं पुष्प वर्षा कर ब्रती महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। नेता द्वय ने नाव पर बैठकर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर इस पवित्र आयोजन को और यादगार बना दिया।
नगर पंचायत बृजमनगंज की तरफ से छठ पर्व के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, रैन बसेरा, साफ-सफाई, रोशनी और जागरण कार्यक्रम की व्यवस्था विशेष रूप से की गई थी। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत ने हर संभव प्रयास किया था।
पुलिस प्रशासन ने छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। घाट पर पुलिस बल तैनात किया गया था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेटिंग की व्यवस्था गई थी। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही थी।
नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा, छठ पर्व हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। नगर पंचायत ने इस पवित्र आयोजन के लिए हर संभव व्यवस्था की है। हम श्रद्धालुओं की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे।



