यूपी से बिहार में घुसते ही पकड़ी गयी शराब, तस्कर गिरफ्तार
चनुकी व खरवनिया पुल के रास्ते हो रही शराब तस्करी

स्वाभिमान जागरण देवरिया। यूपी से बिहार में शराब तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही। मेहरौना बार्डर पर पुलिस की कड़ी चेकिंग के चलते तस्करों ने चनुकी व खरवनिया पुल को अपने लिए सुरक्षित मार्ग समझ लिया है।गुठनी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 27 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अलग कार्रवाई में एक वारंटी को भी दबोच लिया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोहगरा तीमुहानी के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक की बाइक रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 27 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए बाइक को भी सीज कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला अंतर्गत गुलहरिया थाना क्षेत्र के हरकेशपुर चौहान टोला निवासी सुरेंद्र चौहान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



