नगर पंचायत लार में ईओ बृजेश गुप्ता की जगह अमित सिंह की हुई तैनाती
बृजेश गुप्ता ने कहा -हम तो 22 अप्रैल को ही लार का कार्यभार छोड़ दिया

पांडे एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण देवरिया
नगरवासियों को आशंका -कहीं बैक डेट में न हो गड़बड़झाला
शुक्रवार और शनिवार दो दिन जाने के बाद भी अमित सिंह को नहीं मिला चार्ज
नवागत अधिशासी अधिकारी दो दिन की छुट्टी गए हैं, आते ही चार्ज करा दूंगा -अध्यक्ष
नगर पंचायतों का काम धाम उधार के अधिशासी अधिकारियों के भरोसे चल रहा है। उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग 1 के आदेश संख्या 1411 दिनांक 22 अप्रैल 2026 के अनुसार प्रदेश में नितांत अस्थायी व कामचलाऊ व्यवस्था के तहत कुल 14 अधिशासी अधिकारियों को अतिरिक्त नगर पंचायतों की जिम्मेदारी दी गयी है। इस क्रम में देवरिया जिले के भाटपार रानी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित सिंह को लार का भी अतिरिक्त कार्य देखने का आदेश हुआ है। तत्कालिक प्रभाव से जारी इस आदेश के अनुपालन के क्रम में शुक्रवार व शनिवार को दो दिन लार में जाने के बाद भी अमित सिंह को चार्ज नहीं दिया गया। नगरवासियों को आशंका है कि बैक डेट में कुछ गड़बड़झाला न हो जाय।
इस संबंध में नगर पंचायत लार के निवर्तमान अधिशासी अधिकारी बृजेश गुप्ता से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि हमने तो 22 अप्रैल को आदेश जारी होते ही लार का कार्यभार त्याग दिया। नए ईओ को चेयरमैन ही ज्वाइन कराएंगे।
इस संबंध में नगर पंचायत लार के चेयर मैन मूसा रजा लारी से बात हुई तो उन्होंने कहा कि नवागत ईओ दो दिन की छुट्टी गए हैं, आते ही ज्वाइन करा दूंगा।




