मार्निग वाक् पर निकले व्यक्ति पर ट्रक पलटने से मौत

रविशंकर तिवारी/स्वाभिमान जागरण मईल देवरिया
मईल (देवरिया)। बरहज थाना क्षेत्र में आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सुबह टहलने निकले एक व्यक्ति की मौत हो गई। 16 चक्का ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने से युवक ट्रक के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुड्डू सिंह पुत्र स्व. के रूप में हुई है। वे बरहज थाना क्षेत्र के पैना पश्चिम के निवासी थे। गुड्डू सिंह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज सुबह मईल – बरहज मार्ग पर पैना के पास मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान गुड्डू सिंह ट्रक के बीचों-बीच आ गए और भारी वाहन के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पहुंची बरहज पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए एवं व्यस्ततम जगहों पर रम्बल स्ट्रिप ( पीली पट्टी) लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।



