पीईटी परीक्षा में 3404 अभ्यर्थी हुए शामिल, 1468 ने छोड़ी परीक्षा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं देखी व्यवस्था।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
जनपद में शुक्रवार को विभिन्न केंद्रों पर आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ( पीईटी) 2026 का जिलाधिकारी गौरव सिंह सौगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। दोनों पालियों में कुल 3404 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1468 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ओने केंद्र व्यवस्थापकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। उन्होंने आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा प्रवेश ,ओएमआर शीट और अन्य प्रपत्रों को भेजने तक सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए और परीक्षा की शुचिता से कोई
समझौता न हो। बारिश के कारण प्राकृतिक रोशनी कम होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को ने कहा। साथ ही बायोमेट्रिक जांच प्रणाली का भी जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्याक्तियों पर नजर रखने और अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने का निर्देश दिया।दोनों अधिकारियों ने लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आनंदनगर और सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज आनंद नगर का निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित मिली।



