प्रचार वाहन को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत यह वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों
को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी देगा। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों से उसका उचित निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इससे मानव स्वास्थ्य प्रभावित होने के साथ मिट्टी की उर्वरता घटती है और लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। डीएम ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने बताया कि पराली जलाने पर एनजीटी और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जुर्माना व अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि संजीव कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



