जिलाधिकारी ने ईवीएम एफएलसी कार्य का किया निरीक्षण।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में
चल रहे ईवीएम मशीनों के प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन करते हुए जांच प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीएम ने एफएलसी के दौरान
मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति यथासंभव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई
भी अधिकारी या कर्मचारी मोबाइल लेकर एफएलसी हॉल में प्रवेश न करे। बिना पहचान पत्र के प्रवेश पर भी रोक रहे। परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। डिप्टी कलेक्टर विजय यादव ने बताया कि अब तक 80.31 प्रतिशत बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) की एफएलसी ओके हुई है, जबकि वीवीपैट की 76.13 प्रतिशत जांच पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने सीसीटीवी के माध्यम से जांच प्रक्रिया देखी तथा रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जानकारी ली। उन्होंने गार्ड रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता से निगरानी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, विजय यादव, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



