शिवानंद चौरसिया के शव को समय से मंगाने को लेकर कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी से तीखी बहस के बाद सौंपा ज्ञापन

ओमान के निकट अमेरिकी हमले में मारे गए शिवानंद चौरसिया के शव को लाने का मामला
शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस – विशाल सिंह
स्वाभिमान जागरण देवरिया। ईरान – अमेरिका युद्ध में ओमान के निकट अमेरिका द्वारा मालवाहक जहाज पर किए गए हमले में मारे गए जनपद के सुरौली निवासी शिवानंद चौरसिया के शव को समय से मंगाने व परिवार को सरकार द्वारा उचित सहायता प्रदान करने को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को नगर के टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय पर जाकर तीखी बहस के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि जिलाधिकारी जनपद के सबसे बड़े जिम्मेदार अधिकारी हैं वही इस प्रकरण में सही बात बता सकते हैं।वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने अन्य किसी अधिकारी को ज्ञापन देने की बात कही तो प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि हम केवल जिलाधिकारी से ही अपनी बात रखेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में बुलाकर ज्ञापन लिया।इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि हम शिवानंद चौरसिया के शव को समय से लाने व परिवार को उचित सहायता प्रदान करने के लिए आज ज्ञापन सौंपे हैं।जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। अगर न्याय नही मिला तो न्याय के लिए कांग्रेस अंतिम दम तक लड़ेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने कहा कि पूरे जनपद में कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता इस परिवार के साथ दुःख के समय खड़ा है कोई जरूरत होगी तो पीछे नही हटेगा।ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश महासचिव गोविन्द मिश्र, जेपी यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्षित सिंह, विपिन राय,प्रियेश पांडेय, रजत सिंह,सत्यम पांडेय, अरविंद शाही,संजीव मिश्र, शिवशंकर सिंह,जगरनाथ यादव,बृजेश यादव,अशोक कुमार, सूफी सलीम, रोहित मिश्र, सूरज यादव,नीरज कुमार ,कुशेन्द्र शुक्ला,गौरव नारायण यादव, प्रांजल त्रिपाठी, छोटेलाल यादव, शम्स आरफीन आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।



