भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली शराब की बड़ी खेप पकड़ी, एक तस्कर गिरफ्तार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने सफलता हासिल करते हुए 27 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से किस-मिस सौंफ ब्रांड की 300-300 मिलीलीटर वाली 90 शीशियां बरामद हुई हैं।
बुधवार देर रात भारत-नेपाल सीमा स्थित लक्ष्मीपुर- हरखपुरा नाका पर की गई। चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने शिवम साहनी उर्फ लालू (20) निवासी ग्राम डिगही, थाना ठूठीबारी को एक जूट के बोरे में रखी तीन गत्तों में कुल 90 शीशी नेपाली शराब के साथ दबोच लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपीत के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, कांस्टेबल दीपक कुमार, प्रमोद यादव, दीपक सिंह तथा 22वीं वाहिनी एसएसबी उपनिरीक्षक धनवीर सिंह रावत सहित अन्य जवान शामिल रहे।


