श्रावण मास विशेष अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, कई दुकानों को सुधार नोटिस

स्वाभिमान जागरण देवरिया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 29 एवं 30 जुलाई को श्रावण मास, वर्षा ऋतु एवं एग मेयोनेज़ के संबंध में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोविन्द बिरयानी (गोरखपुर रोड), भगवती स्वीट्स (बस स्टेशन), मल्ल मिष्ठान भंडार (अमर ज्योति चौराहा), गेटवे रेस्टोरेंट (अमर ज्योति चौराहा), फूड फ्यूजन रेस्टोरेंट (न्यू कॉलोनी) तथा रिलायंस मार्ट (सीसी रोड) की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान गोविन्द बिरयानी, भगवती स्वीट्स, मल्ल मिष्ठान भंडार एवं गेटवे रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।
फूड फ्यूजन रेस्टोरेंट में वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक साथ भंडारित पाए गए। साथ ही एक्सपायरी एवं खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया तथा पाई गई कमियों के संबंध में सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
रिलायंस मार्ट से दाल, नमक एवं मूंगफली दाना के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद्र, श्रीराम यादव, घनश्याम वर्मा, राम सिंगार यादव, राजू पाल एवं नेहा त्रिपाठी शामिल रहे।


