एमडीएम जिला समन्वयक डी.पी. सिंह ने लार ब्लॉक के विद्यालयों का किया निरीक्षण, हर माह जन्मदिन मनाने की पहल की सराहना

स्वाभिमान जागरण संवाददातालार, देवरिया।
एमडीएम जिला समन्वयक डी.पी. सिंह ने शुक्रवार को लार विकासखंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हरखौली में छात्र उपस्थिति नामांकन के सापेक्ष कम पाई गई। इस पर उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
निरीक्षण में छात्रों की अधिगम (शैक्षणिक) स्थिति अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई। साथ ही विद्यालय में अभिलेखीकरण (रिकॉर्ड संधारण) की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। जिला समन्वयक ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि पैरेंट-टीचर मीटिंग के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर अभिभावकों से विस्तार से चर्चा करें तथा उनके सहयोग से बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाया जाए।
इसके अलावा जूनियर हाईस्कूल हरखौली, देवराष्ट्र, लघु माध्यमिक विद्यालय तथा कंपोजिट विद्यालय खरवानिया नवीन सहित अन्य विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय मटियारा जगदीश में प्रत्येक माह के अंतिम कार्य दिवस पर उस माह जन्मे सभी विद्यार्थियों का सामूहिक जन्मदिन मनाने की परंपरा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमडीएम जिला समन्वयक डी.पी. सिंह ने बच्चों के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उनके द्वारा तिथि भोजन का भी आयोजन कराया गया।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक यामदुल्ला खान ने डी.पी. सिंह को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कमलेश्वर वर्मा, संजय, कन्हैया लाल, अनुराग सिंह, मंगल सिंह, नंदलाल तथा आशा उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



