LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

रुद्रपुर तहसील में डीएम एवं एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर, राजस्व अधिकारियों को डीएम की हिदायत

स्वाभिमान जागरण देवरिया।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने आज रुद्रपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित, वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी फरियादी को अपने प्रकरण के लिए अनावश्यक रूप से अन्यत्र भटकना न पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिया कि वे लेखपालों एवं कानूनगो पर प्रभावी नियंत्रण रखें तथा उनकी कार्यप्रणाली का नियमित अनुश्रवण करें। उन्होंने पुराने धारा 24 एवं 116 के प्रकरणों की पत्रावलियों का कानूनगोवार अवलोकन किया तथा निर्देश दिया कि किसी भी दशा में कोई पुरानी पत्रावली लंबित नहीं रहनी चाहिए। जिन प्रकरणों में प्रारंभिक आख्या लंबित है तथा जिनमें आदेश हो चुके हैं, उनमें अनुपालन भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
जिलाधिकारी ने वरासत के निरस्त प्रकरणों का भी कानूनगोवार परीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि निरस्त प्रकरणों का त्वरित समाधान किया जाए। वरासत एवं अंश निर्धारण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कानूनगोवार एक माह में वरासत के प्राप्त, स्वीकृत एवं निरस्त प्रकरणों का विवरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लेखपालों एवं कानूनगो को सचेत करते हुए कहा कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं तथा अपने स्तर पर प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर कोई भी फरियादी अनावश्यक रूप से न भटके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि वरासत, धारा-24 तथा धारा-116 के प्रकरणों में त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी के समक्ष ग्राम वारीडीहा निवासी पौहारी ने भूमिधरी भूमि पर अवैध कब्जे, ग्राम बनियइनी निवासी रामकेवल ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे, ग्राम माहीगंज निवासी सोमनाथ ने वरासत में नाम दर्ज न होने तथा ग्राम रामचक निवासी दीनानाथ ने सीमांकन एवं पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। इन सभी प्रकरणों में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को त्वरित आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 92 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 राजस्व विभाग का मौके पर निस्तारण किया गया। सर्वाधिक 49 प्रकरण राजस्व विभाग से प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग एवं विकास विभाग के 8-8, खाद्य एवं रसद विभाग के 7 तथा अन्य विभागों के 20 प्रकरण प्राप्त हुए। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए के गुप्ता, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता, उप संचालक चकबंदी पवन कुमार पांडेय, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!