मईल पुलिस ने नाले से बरामद किया शव, शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम को भेजा
दो दिनों से लापता था मृतक

स्वाभिमान जागरण मईल, देवरिया।
मईल। थाना मईल क्षेत्र के तेलिया कला गांव के समीप कसिली नाले के किनारे सोमवार सुबह एक शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह ग्रामीणों ने कसिली नाले के किनारे एक शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास नाथ मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मृतक की शिनाख्त तेलिया कला गांव निवासी पन्नेलाल यादव पुत्र मंगल यादव, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि पन्नेलाल मजदूरी करते थे और 2 दिन से घर से लापता थे।
थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि `प्रथम दृष्टया शव 2 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।` उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला था।



