उत्तर प्रदेशफतेहपुर

बारिश में बह गया नगर पंचायत का विकास, सड़कों से घरों तक पहुंचा पानी

 

खखरेरू फतेहपुर गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पंचायत खखरेरू की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। पर्याप्त निकासी न होने से कई वार्डों में जलभराव हो गया। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ। सबसे अधिक परेशानी वार्ड संख्या छह प्रताप नगर के लोगों को झेलनी पड़ी।

वार्ड संख्या छह प्रताप नगर के अंतर्गत आने वाले सोनारी मोहल्ला, चमरौडी मोहल्ला, कटरा और छोटी तकिया सहित कई क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण घुटनों तक पानी भर गया। हालत यह रही कि उफनाती नालियों का पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घरों में पहुंच गया। इससे घरों में रखा सामान भी भीग गया और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

स्थानीय निवासी बबलू मिर्जा, अनीश, रईस, मुन्ना लंबरदार, खुश्तर बानो, समीम, अकबर और सगीर अहमद ने बताया कि बारिश के दौरान नालियां ओवरफ्लो हो गईं, जिससे पूरा मोहल्ला जलमग्न हो गया। उनका कहना है कि वर्षों से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

उधर, रामनगर वार्ड में कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क के बीच खोदा गया गड्ढा बारिश के पानी से भर गया है। गड्ढे में जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी भरे होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

नगरवासियों ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने, जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी निकलवाने तथा सड़क के बीच बने गड्ढे को भरवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

ईओ खखरेरू हागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीम गठित कर के जल निकासी कराया जा रहा है

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!