LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

भलुअनी में हत्या के बाद थाने की कमान दिनेश मिश्रा को मिली

सप्ताह भर पहले धमकी और हो गयी हत्या

स्वाभिमान जागरण देवरिया। जिले में कानून व्यवस्था का हाल यह है कि सप्ताह भर पहले हत्या की धमकी दी जाती है और उसके बाद हत्या कर दी जाती है। यदि धमकी पर ही प्रभावी कार्रवाई हो गयी होती तो शायद एक युवक की जान बच गयी होती। फिलहाल पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से भलुअनी थानेदार पर कार्रवाई करते हुए एकौना के थानेदार दिनेश मिश्रा को भलुअनी थाने की जिम्मेदारी दे दी है।

देवरिया जिले के भलुअनी में  मनीष सिंह मोनू की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने एक सप्ताह पहले मिली जान से मारने की धमकी की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते पुलिस ने एक्शन लिया होता तो मनीष सिँह की जान बच सकती थी। गुरुवार को भलुअनी उपनगर के गांधीनगर निवासी मनीष सिंह मोनू (25) पुत्र प्रेम सिंह मोहल्ले में ही खाद गोदाम के निकट खून से लथपथ मिला। चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग चाकू हाथ में लेकर गाली देते हुए भागते दिखे। मोनू के शरीर पर कई जगह चाकू मारने के निशान थे। उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज देवरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले एक हिस्ट्रीशीटर ने जान मारने की धमकी दी थी। इस मामले में धमकी देने वाले के खिलाफ भलुअनी थाने में तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यदि उस शिकायत को गंभीरता से लिया गया होता तो मोनू की जान नहीं जाती।
 मनीष सिंह उर्फ मोनू की मृत्यु के मामले में पुलिस ने चार नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है। थाना भलुअनी पर प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपीगण (1) चाइना अंसारी, (2) अंबुज विश्वकर्मा, (3) जयकिशन यादव और (4) नागेश यादव के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

वादी पक्ष का आरोप है कि घटना से पूर्व उन्होंने संबंधित बीट पुलिस को आशंका से अवगत कराया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई न होने से यह घटना घटित हुई। पुलिस अधीक्षक देवरिया द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीट आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की विभागीय जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन कर दिया गया है और साक्ष्य संकलन की कार्यवाही प्रचलित है। देर शाम तक प्राप्त खबर के अनुसार भलुअनी थानाध्यक्ष राकेश कुमार राय और एस०आई०ज्योति,बीट कॉन्स्टेबल विनय ओझा को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने निलंबित कर दिया है। थाने की कमान एकौना के थानेदार दिनेश मिश्रा को दी गयी है।

सुनिए बरहज सीओ ने क्या कहा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!