चारपाई के फ्रेम में दौड़ रहा था करंट, छूते ही छह साल के मासूम की मौत मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल

रविशंकर तिवारी /मईल
मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव में करंट की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
बलिया दक्षिण निवासी किसुन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छह वर्षीय पौत्र कार्तिक राजभर बृहस्पतिवार दोपहर गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पड़ोस में रहने वाले शहाबुद्दीन उर्फ नन्हें के घर पहुंच गया।
परिजनों का आरोप है कि घर के मुख्य दरवाजे पर रखी चारपाई के लोहे के फ्रेम में करंट प्रवाहित किया गया था। मासूम जैसे ही चारपाई के फ्रेम के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी सनसनी फैल गई।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर शहाबुद्दीन उर्फ नन्हें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसओ विकास नाथ ने बताया कि मामले में आरोपी शहाबुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।



