रात दस बजे के बाद होटल बंद कराने पहुंची पुलिस, तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप से मचा हड़कंप
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

स्वाभिमान जागरण देवरिया। जिले के मईल थाना क्षेत्र के हनुमान चौक स्थित भागलपुर पुलिस चौकी के समीप संचालित होटलों पर इन दिनों पुलिस की नजर टेढ़ी हो गई है। बीती रात मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक होटल संचालक को रात दस बजे के बाद होटल खोलने से मना किया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस टीम में शामिल कुछ सिपाहियों ने होटल के काउंटर पर रखे सामान और भरूका आदि में तोड़फोड़ की। वहीं, बगल में स्थित एक अन्य होटल संचालक के साथ मारपीट किए जाने की भी बात कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। मईल के प्रभारी निरीक्षक विकास नाथ ने बताया कि किसी दुकान में किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की गई और न ही किसी के साथ मारपीट हुई है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र की दुकानों को रात दस बजे के बाद बंद कराने का निर्देश पुलिस अधीक्षक की ओर से दिया गया है। इसी निर्देश के अनुपालन में पुलिस टीम मौके पर गई थी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब सवाल यह है कि रात दस बजे के बाद दुकानों को बंद कराने के दौरान लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।


