उत्तर प्रदेशफतेहपुर

15 फीट लंबे अजगर ने बकरी को दबोचा, चरवाहों में मचा हड़कंप

ग्रामीणों का आरोप- सूचना के दो घंटे बाद भी नहीं पहुंचा वन विभाग, पहले भी दिख चुका था अजगर

 

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवाददाता

खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के पौली गांव में बुधवार दोपहर खेतों की ओर बकरियां चरा रहे चरवाहों में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 15 फीट लंबे अजगर ने एक बकरी को दबोच लिया। बकरी की आवाज सुनकर चरवाहे मौके पर पहुंचे तो विशालकाय अजगर को देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी शहनाज पत्नी पीर मोहम्मद दोपहर बाद बकरी चराने के लिए खेतों की ओर गई थीं। बकरी खेत में चर रही थी, तभी अचानक अजगर ने उसे दबोच लिया। बकरी की आवाज सुनकर शहनाज ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। विशाल अजगर को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और वन विभाग को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि यही अजगर इससे पहले भी क्षेत्र में दिखाई दिया था। उस समय भी वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर उसका रेस्क्यू नहीं किया गया। बुधवार को दोबारा अजगर दिखाई देने और बकरी को दबोचने की सूचना वन विभाग के दरोगा अनूप कुमार शुक्ला को दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक सूचना देने के दो घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।
अजगर के खुलेआम खेतों में घूमने से ग्रामीणों और चरवाहों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल अजगर का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी खागा गौरव सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी कर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!