खेत में पानी लगाने के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई समेत परिजनों को पीटा, चार घायल

उत्तर प्रदेश फतेहपुर

खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के पौली गांव में खेत में सिंचाई करने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई समेत परिवार के चार लोगों की पिटाई कर दी। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पौली निवासी अजय यादव पुत्र स्व. अंगरेज यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपने गेहूं के खेत में पानी लगाने जा रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई विजय शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विजय ने कहा कि यदि उसका ट्यूबवेल होता तो वह कभी पानी नहीं देता। अजय ने गाली-गलौज का विरोध करते हुए कहा कि अपना ट्यूबवेल लगवाने पर पानी न देना। इस बात पर विजय भड़क गया और लाठी-डंडों से अजय पर हमला कर दिया।

मारपीट का शोर सुनकर अजय की पत्नी सुमन, मां फूलमती और छोटे भाई लल्लू बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि विजय और उसकी पत्नी अंजलि ने मिलकर तीनों को भी लाठी-डंडों से पीट दिया। घटना में चारों घायल हो गए। इसके बाद पीड़ित अजय ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध क्राइम इंस्पेक्टर श्यामसुंदर गिरी ने बताया कि मारपीट की सूचना नहीं प्राप्त हुई है सूचना उपरांत कार्रवाई होगी।