खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर औढेरा गांव में शादी समारोह के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। समारोह में शामिल होने आए युवकों पर गांव के एक युवक के साथ गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी इरशाद अहमद पुत्र स्वर्गीय मुस्तफा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 नवंबर को उनके परिवार में शादी समारोह था। इसमें शामिल होने के लिए कौशांबी जनपद के पइंसा थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी शादाब, मोहम्मद जीशान, छोटू और महफूज पहुंचे थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर उक्त युवकों ने इरशाद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर चोट आई। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर श्यामसुंदर गिरी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

