ताल में नहाते समय डूबा युवक, एसडीआरएफ टीम की तलाश जारी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज ।
श्यामदेउरवा थाना अंतर्गत नगर पंचायत परतावल स्थित लमुहा ताल में गुरुवार को एक युवक के डूबने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान परतावल बाजार निवासी सनोज (30) पुत्र दूधनाथ प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सनोज गुरुवार सुबह घर से निकला था। कुछ समय बाद एक युवक ने घर आकर जानकारी दी कि वह लमुहा ताल में नहाते समय डूब गया। सूचना मिलते ही परिजन तालाब की ओर दौड़े और किनारे पर उसके कपड़े व चप्पल देखकर अनहोनी की आशंका जताई। मामले की जानकारी मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया जो तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रही है। तालाब के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जब तक युवक का कुछ पता नहीं चलता कुछ भी स्पष्ट कहना संभव नहीं है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम की ओर से तलाश जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



