गांव में पक्की नाली नहीं, सड़क पर बह रहा गन्दा पानी, लोग परेशान।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
फरेन्दा विकास खंड स्थित ग्राम सभा डड़वार बुजुर्ग में विकास कार्यों की स्थिति चिंताजनक है। पंचायत भवन अधिकतर बंद रहता है। साथ ही सार्वजनिक शौचालय का भी यही हाल है।सरकार ने गांव के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें स्कूल, आंगनबाड़ी, बिजली, ग्राम सचिवालय, सार्वजनिक शौचालय, सड़क और पक्की नाली शामिल हैं। स्वच्छता के लिए दो से तीन सफाई कर्मियों की नियुक्ति भी की गई है। लेकिन ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा किए गए विकास कार्य जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहे हैं।गांव की मुख्य समस्या नालियों की है। पक्की सड़क पर नालियों का गंदा पानी साल भर जमा रहता है। सड़क किनारे कचरे का ढेर लगा रहता है। नालियों के जाम होने से नाबदान का कीचड़युक्त पानी सड़कों पर फैला रहता है।इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।स्थानीय महिलाएं सावित्री, जानकी, विमला और मंजू का कहना है कि महिलाओं और छोटे बच्चों को इस स्थिति में चलने में बहुत दिक्कत होती है। यह समस्या स्थाई बन चुकी है और कोई अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।ग्राम प्रधान बाबूराम गुप्ता का कहना है कि सड़क किनारे जमीन वाले लोग नाली नहीं बनने देते हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव गांव में कभी नहीं आते हैं। इस तरह गांव के विकास की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों को दी गई है, वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं।