फतेहपुर

अंतिम संस्कार में शामिल होने गया युवक यमुना में डूबा तलाश जारी

विजयीपुर,फतेहपुर।किशनपुर थाना क्षेत्र के यमुना घाट पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब अंतिम संस्कार में शामिल हुआ युवक स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से देर शाम तक तलाश अभियान जारी रहा, मगर समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

जानकारी के अनुसार, किशनपुर कस्बा निवासी भूपेंद्र सिंह (35 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह शुक्रवार को अपने पड़ोसी के परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यमुना घाट गया था। संस्कार पूर्ण होने के बाद वह अन्य ग्रामीणों के साथ यमुना में स्नान करने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते घाट पर चीख-पुकार मच गई।

 

ग्रामीणों ने तत्काल गोताखोरों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने यमुना में उतरकर तलाश शुरू की। वहीं परिजनों के घाट पहुंचते ही कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों को देख घाट का माहौल गमगीन हो गया।

थाना प्रभारी किशनपुर सत्यदेव गौतम ने बताया कि “अंतिम संस्कार के दौरान स्नान करते समय युवक यमुना में डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही युवक को ढूंढ़ लिया जाएगा।”

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण घाट पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर गोताखोरों के लिए जगह बनवाई। देर शाम तक नदी में सर्च अभियान जारी था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!