दहेज हत्या मामले में नामजद महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र के कोट मजरा चंदन मऊ में एक विधवा महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित एक नामजद महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कोट मजरा चंदन मऊ निवासी माया देवी (26), पत्नी स्वर्गीय रामचंद्र, ने रविवार देर रात अपनी कच्ची कोठरी के भीतर बांस में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि घरेलू कलह और दहेज उत्पीड़न से तंग आकर माया देवी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के क्रम में पुलिस ने नामजद आरोपी महिला लक्ष्मीनिया को कुल्ली चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
