फतेहपुर

आवारा गौवंश किसानों के लिए बन रहे हैं गंभीर संकट, अधूरा गौशाला निर्माण बना बड़ी वजह

खखरेरू / फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा गौवंश किसानों के लिए गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। दिन-रात की मेहनत के बावजूद किसान अपनी फसलों को सुरक्षित नहीं रख पा रहे हैं। मौका मिलते ही आवारा गौवंश खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे अन्नदाताओं के सामने फसल बचाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, आवारा गौवंशों का सबसे अधिक आतंक सलवन, सोथरापुर, लोहरपुर, प्रताप नगर सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में देखने को मिल रहा है। इन गांवों के किसानों की फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं। मजबूरन किसान अपने दैनिक कार्य छोड़कर दिन-रात खेतों की रखवाली कर रहे हैं, लेकिन थोड़ी सी भी चूक होने पर गौवंश फसलों को चौपट कर दे रहे हैं।

किसानों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत द्वारा गौशाला निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। गौशाला पूरी न होने के कारण आवारा गौवंशों को रखने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत प्रशासन और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन, किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इस मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हागेंद्र सिंह से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया, तो अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कैप्चर मशीन नगर पंचायत में आ चुकी है एक दो दिन में अन्ना पशुओं को पकड़ कर गौशाला भेजने का काम किया जाएगा

किसानों ने मांग की है कि गौशाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और आवारा गौवंशों को सुरक्षित रूप से वहां रखा जाए, ताकि उनकी मेहनत और फसल दोनों को बचाया जा सके।

Dainik Swabhiman Jagran

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!