जमीनी विवाद में दबंगों ने बुजुर्ग महिला व बहू को पीटा, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खखरेरू/ फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर आठ अहिल्याबाई होलकर नगर (सितलूपुर) में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा बुजुर्ग महिला और उसकी बहू के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिलाष निषाद पुत्र स्वर्गीय गुलाब निषाद के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी निजी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इस दौरान वह अपनी पत्नी और 65 वर्षीय माता शांति देवी के साथ मिलकर जमीन पर मिट्टी बराबर करवा रहे थे। तभी गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंच गए और निर्माण कार्य रुकवाने लगे।
आरोप है कि योगेंद्र पाल, सोनू पाल पुत्र दुर्गा प्रसाद, संदीप पाल तथा विनय पाल पुत्र हरिश्चंद्र उर्फ पप्पू ने मौके पर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बुजुर्ग महिला और उसकी बहू को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोप है कि दबंगों ने जमीन की ओर दोबारा देखने पर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


