सेमरहवा के चार वर्षीय बच्चे की पिकअप के कुचलने से मौत।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज ।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के गुजरौलिया ग्राम सभा के सेमरहवा टोले पर मंगलवार की शाम एक तेज रफ्तार पिकअप ने चार वर्षीय बच्चे अवनीश को टक्कर मार दी, जिससे चार वर्षीय अवनीश ने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरौलिया के सेमरहवा निवासी लव कुश का चार वर्षीय बेटा अवनीश सड़क पार कर अपने घर की ओर जा ही रहा था, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार से पिकअप ने आकर उसे टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने घटना देखी और पिकअप का पीछा भी किया, लेकिन चालक उन्हें चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर बृजमनगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए तुरंत भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से देख रही है।थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में कानूनी कार्यवाही कर रही है।



