बरडीहा यज्ञ : समरसता व दान का बना कीर्तिमान, राजपूत दम्पति ने राजभर बेटी का किया कन्या दान
सैकड़ों माताओं ने वस्त्र व सौंदर्य सामग्री उपहार में दिया

पांडे एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण
लार। लार थाना क्षेत्र के बरडीहा दलपत गांव ने आज इतिहास रच दिया। सामाजिक समरसता व दान का ऐसा कीर्तिमान रचा की जिसने भी यह दृश्य देखा सभी के मुंह से आयोजकों के लिए दुआएं निकल गयी। राजपूत दम्पत्ति ने जब राजभर बेटियों के पाँव पखार कर कन्या दान की रश्म अदा की तो वहां उपस्थित हजारों लोगों के आँखों से प्रेम के आंसू निकल गए।
शुक्रवार को बरडीहा वाली माई के दरबार में लार क्षेत्र के चुरिया गाँव के रामप्रीत राजभर व गुलाब राजभर की बेटियों का विवाह बरडीहा डलपत यज्ञ समिति द्वारा कराया गया। विवाह में दान के लिए उच्च क्वालिटी के बेड, आलमारी तथा अन्य सामान, वस्त्र, आभूषण आदि मंगाए गए। वृहद भंडारा भी आयोजित हुआ।
दरअसल लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा यज्ञ समिति के लोगों ने यज्ञ में सामूहिक विवाह कराने के लिए रजिस्ट्रेशन कराये थे। यज्ञ समिति ने 1100 रूपये प्रति विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराये थे। 16 अप्रैल को विवाह होना था। ज़ब लोग जमसडा पहुंचे तो पता चला यहाँ का यज्ञ तो बीच में ही समाप्त हो गय है। दोनों परिवार रोने धोने लगे। जब इस बात की जानकारी बरडीहा दलपत के यज्ञ समिति के लोगों को हुई तो उन्होंने यह विवाह अपने खर्चे से कराने का संकल्प लिया। चौबीस घंटे के भीतर सामूहिक विवाह की सारी तैयारियां कर ली गयी। शुक्रवार की शाम विवाह सम्पन्न करा दिया गया। यज्ञ समिति के विनोद सिंह, अशोक सिंह, देवेंद्र सिंह, संतोष कुमार सिंह अध्यापक, संजय सिंह अध्यापक, उदयवीर सिंह, नीरज सिंह, गोल्डेन सिंह, दिनेश सिंह, विनय सिंह,लोहा सिंह, ओम नारायण सिंह, प्रिंस सिंह सहित गाँव के हजारों लोगों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।


यज्ञ समिति की सहमति से इस सामूहिक विवाह के आयोजन में समाजसेवी नीरज सिंह व गोल्डेन सिंह ने कन्यादान किया तथा कई प्रकार के उपहार भेंट किए। इस आयोजन के हजारों लोग साक्षी बने। मंच संचालन रवि प्रताप सिंह ने किया। पंडाल में गाँव के अतिरिक्त सुदूर अंचल से भी सैकड़ों लोग इस विवाह को देखने पहुंचे थे।



