दोस्ती की मिसाल: स्कूल बस हादसे में दो दोस्तों की मौत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवारों को दी आर्थिक सहायता

खखरेरू फतेहपुर क्षेत्र में दोस्ती और मानवीय संवेदना की मार्मिक मिसाल सामने आई है। 8 अप्रैल बुधवार को स्कूल जाते समय हुई बस दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने दौड़े युवक की गंभीर रूप से घायल हो गया था।
हादसे की खबर से सदमे में आए मृतक के करीबी दोस्त की भी उसी दिन मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल जाते समय बस की टक्कर से छात्र आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। आयुष को बचाने के लिए दौड़े युवक शालू यादव भी बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आयुष का घनिष्ठ मित्र हमजा घटनास्थल पहुंचा, लेकिन इस दर्दनाक घटना के सदमे को वह सहन नहीं कर सका और उसी दिन उसकी भी मौत हो गई। एक ही दिन में तीन युवाओं की मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
रविवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजनारायण उर्फ राजू सिंह दो दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ तीनों पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की और आयुष व हमजा की अटूट दोस्ती को याद कर भावुक हो गए। हालांकि, हमजा के परिजनों ने सहायता राशि लेने से विनम्रता पूर्वक इनकार कर दिया।
इस दौरान राजू सिंह ने कहा कि दुख की घड़ी में हर व्यक्ति को आगे आकर पीड़ित परिवारों का सहारा बनना चाहिए, यही सच्ची मानवता है। उनके इस मानवीय कदम की ग्रामीणों ने सराहना की।
मौके पर पूर्व प्रधान बब्बू तिवारी, पूर्व प्रधान अरुण सिंह, मनीष शुक्ला, लाला भाई, शकील अंसारी, अजीत सिंह उर्फ छोटू समेत दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।



