पत्नी के घर छोड़कर जाने से आहत युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया, बचाया गया
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के पौली गांव में पारिवारिक विवाद से आहत एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे समय रहते पड़ोसियों और परिजनों ने बचा लिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पौली गांव निवासी अनीश अहमद की पत्नी 7 मई को गांव के ही अजमल पुत्र बब्बन के साथ खागा बाजार से चली गई। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी घर से नकदी, जेवरात और लगभग 4000 सऊदी रियाल साथ ले गई, जबकि चार छोटे बच्चों को घर पर छोड़ दिया। घटना से युवक मानसिक रूप से काफी आहत हो गया था और उसने 8 मई को खखरेरू थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया था।
पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी जब वह सऊदी अरब में कार्यरत था, तब आरोपी महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। उस समय पीड़ित के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज हुआ था और महिला को बरामद कर न्यायालय के आदेश पर पति के साथ भेजा गया था। इसके बाद महिला दूसरी बार घर छोड़कर चली गई।
इसी घटनाक्रम से दुखी होकर युवक ने घर में आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन आसपास के लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पूर्व में महिला की गुमशुदगी दर्ज थी और कोर्ट के आदेश पर उसे पति को सुपुर्द किया गया था। अब प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



