गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण
स्वाभिमान जागरण संवाददाता
राजापुर/ चित्रकूट। गणेश विसर्जन को लेकर राजापुर में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता ने विसर्जन स्थल तालाब का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने गणेश विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से भी शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की गई है।
