भोंपू बजाने से रोका तो युवक के सिर पर चाकू से किया वार
घर में सांप निकलने के दौरान शोर करने से मना करने पर हुआ विवाद, घायल युवक ने पुलिस को दी तहरीर

खखरेरू फतेहपुर चंदनमऊ गांव में बुधवार शाम घर में सांप निकलने के दौरान भोंपू बजाने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज पड़ोसी युवक ने चाकू से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी बुधराज निषाद पुत्र जगदेही निषाद ने पुलिस को बताया कि शाम करीब आठ बजे उसके घर में सांप निकल आया था। इसकी जानकारी पर आसपास के लोग मौके पर जुटे थे। इसी दौरान पड़ोसी रोहित निषाद पुत्र कंचन निषाद वहां पहुंचा और भोंपू बजाने लगा। पीड़ित ने सांप के आक्रमण की आशंका जताते हुए उसे शोर करने से मना किया और हाथ पकड़कर घर से बाहर कर दिया।
तहरीर के अनुसार, इससे नाराज रोहित चाकू लेकर वापस आया और बुधराज के सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि आपसी विवाद हुआ है जिसमें दोनों पक्षों को बुलाया गया है इसके बाद अग्रिम कार्रवाई किया जाएगा


