उत्तर प्रदेशफतेहपुर

पेयजल, सड़क और तालाबों की सफाई को लेकर भाकियू टिकैत गुट का ज्ञापन

 

खखरेरू फतेहपुर विजयीपुर विकासखंड के ग्राम कठारिया में पेयजल, सड़क और तालाबों की साफ-सफाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ग्राम सभा कठारिया में एकत्र हुए और गांव में व्याप्त पेयजल संकट पर नाराजगी जताई। किसानों ने बताया कि गांव में लगे करीब सात सरकारी हैंडपंपों से दूषित पानी निकल रहा है। हाल ही में रीबोर किए गए हैंडपंपों से भी साफ पानी नहीं मिल रहा, जिससे बच्चों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

किसानों ने गांव के तालाबों की सफाई कर उनमें स्वच्छ पानी भरवाने की मांग उठाई, ताकि गर्मी के मौसम में मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था हो सके। इसके अलावा दुर्गा माता मंदिर तक बने आरसीसी मार्ग और खड़ंजा सड़क के जर्जर होने की समस्या भी रखी गई। कोटेदार के घर से होली माता स्थल तक खड़ंजा और नाली निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ गांव में जाकर समस्याओं का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!