उत्तर प्रदेशफतेहपुर

25 हजार का इनामी लुटेरा मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, लूटकांड के सभी आरोपी अब सलाखों के पीछे

 

खखरेरू  फतेहपुर थाना खखरेरू पुलिस ने लूट की घटना में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से दबोचा गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2025 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम कनपुरवा नहर पुल के पास सोथरापुर निवासी राघवेन्द्र राज सिंह को अमन नामक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ तमंचा दिखाकर रोक लिया था। आरोपियों ने मारपीट कर उनका मोबाइल छीन लिया और बैंक खाते का पासवर्ड पूछकर 73,800 रुपये दो अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना खखरेरू में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष फरार आरोपी कन्हैया सहिरिया पुत्र गया प्रसाद सहिरिया उर्फ गयासीलाल निवासी ग्राम बरखेड़ा लायरा, थाना कुरवाई, जिला विदिशा (मध्य प्रदेश) पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित एवं वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत 17 मई 2026 को थाना खखरेरू पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि शिवपुरी चौकी इंचार्ज प्रशांत कुमार मिश्रा व पुलिस टीम के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया है। अब इस लूटकांड के सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!