नेपाल पुलिस ने नेपाली करेंसी में लगभग 16 लाख 3 हजार रुपये से अधिक के तस्करी का माल किया बरामद।
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी, केले से लेकर कपड़ों तक की खेप बरामद; कई वाहन भी पुलिस के कब्जे में, सभी मॉल भंसार कार्यालय के कब्जे में।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज
महराजगंज लक्ष्मीपुर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ नेपाल प्रहरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28, 29 और 30 मई के दौरान विभिन्न स्थानों से 16 लाख 31 हजार छ सौ नेपाली रुपये से अधिक मूल्य के अवैध सामान बरामद किए हैं। लगातार तीन दिनों तक चली इस कार्रवाई में तस्करी कर लाए गए कृषि उत्पाद, कपड़े तथा अन्य सामान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिए गए हैं।
जिला प्रहरी कार्यालय नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पश्चिम) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 मई को सुस्ता गांवपालिका-5 के रामनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान करीब 12 लाख 70 हजार नेपाली रुपये मूल्य के 10 कुंतल कच्चे केले तथा एक पिकअप वाहन को कब्जे में लिया गया। इसी दिन रामनगर क्षेत्र से ही लावारिस हालत में रखे गए 15 कुंतल कच्चे केले, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई, बरामद किए गए।
इसके बाद 29 मई को पाल्हीनन्दन गांवपालिका-6 के लबण्डी पकलहवा क्षेत्र में पुलिस ने दो भारतीय मोटरसाइकिलों (यूपी 54 एए 6704 एवं यूपी 56 ए वाई 7332) के साथ चार कुंतल कच्चे केले बरामद किए। जब्त सामान का अनुमानित मूल्य 85 हजार रुपये बताया गया है।वहीं 30 मई को सरावल गांवपालिका-3 के हुलाकी क्षेत्र में पुलिस ने बिना बिल और कागजात के ले जाए जा रहे 25 थान सूती कपड़े (लगभग 544 मीटर) एक मोटरसाइकिल सहित बरामद किए। इस खेप की कीमत करीब एक लाख 41 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
नेपाल प्रहरी के सूचना अधिकारी एडिश्नल एसपी मदन थापा ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में अवैध तस्करी, चोरी-छिपे माल ढुलाई और राजस्व चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सीमा पर निगरानी और चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



